मैनपुरी। मैनपुरी डिपो की ओर से मैनपुरी-अलीगंज मार्ग होते हुए एटा के लिए रोडवेज बस संचालन की तैयारियां तेज हो गई हैं। बस संचालन शुरू होने से इस मार्ग पर यात्रा करने वाले लोगों को सीधी और सुविधाजनक परिवहन सेवा मिल सकेगी। इससे क्षेत्रीय यात्रियों का सफर सुगम बनेगा।
मैनपुरी डिपो के बेड़े में 73 बसें शामिल हैं, जिनका संचालन विभिन्न जनपदों के साथ-साथ क्षेत्रीय मार्गों पर किया जा रहा है। अब डिपो की ओर से यात्रियों की मांग और सुविधा को देखते हुए मैनपुरी-अलीगंज-एटा मार्ग पर नई बस सेवा शुरू करने की योजना पर काम कर रहा है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक संजीव कुमार ने बताया कि प्रस्तावित मार्ग पर बस संचालन की तैयारियां चल रही हैं। बस सेवा शुरू होने से यात्रियों का सफर अधिक सुगम होगा और उन्हें दूसरे साधनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।
देरी से पहुंची कालिंदी एक्सप्रेस
मैनपुरी। कालिंदी एक्सप्रेस की लेट-लतीफी ने यात्रियों की परेशानी को बढ़ा दिया है। बुधवार की रात और बृहस्पतिवार की सुबह कालिंदी एक्सप्रेस मैनपुरी स्टेशन पर देरी से पहुंची। ट्रेन के देरी से पहुंचने के कारण यात्रियों को इंतजार करना पड़ा। प्रयागराज से चलकर भिवानी जाने वाली कालिंदी एक्सप्रेस संख्या 14117 बुधवार की रात अपने निर्धारित समय 11:20 बजे के स्थान पर रात 12:23 बजे मैनपुरी पहुंची। वहीं, बृहस्पतिवार की सुबह भिवानी से चलकर प्रयागराज जाने वाली कालिंदी एक्सप्रेस संख्या 14118 सुबह 3:45 बजे के स्थान पर 5:09 बजे मैनपुरी पहुंचने से यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। संवाद