मैनपुरी। शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति देने के लिए नगर पालिका ने एक महत्वाकांक्षी योजना तैयार की है। धारऊ स्थित बाईपास रोड पर करीब 2.75 करोड़ की लागत से एक आधुनिक व्यावसायिक बाजार का निर्माण कराया जाएगा। इस कॉम्प्लेक्स में करीब 50 दुकानें बनाई जाएंगी, जिन्हें निर्माण कार्य पूरा होने के बाद नगर पालिका किराये पर आवंटित करेगी। इसके लिए शासन को प्रस्ताव भेज दिया गया है।
इस योजना का सबसे अहम पहलू इसका रणनीतिक भौगोलिक स्थान है। धारऊ बाईपास रोड न केवल शहर का एक प्रमुख मार्ग है, बल्कि यह ग्रामीण सीमा के मुहाने पर स्थित है। बाजार के निर्माण से न केवल शहर की व्यापारिक गतिविधियों का विस्तार होगा, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी सीधा और व्यापक लाभ पहुंचेगा। ग्रामीण क्षेत्र के उत्पादकों को अपने कृषि व अन्य उत्पादों की बिक्री के लिए शहर के भीतरी हिस्सों में जाने के बजाय बाईपास पर ही एक बेहतर और सुलभ बाजार मंच मिल जाएगा। इसके अलावा, स्थानीय युवाओं को किराये पर दुकानें लेकर अपने उद्यम शुरू करने का मौका मिलेगा।
व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स के निर्माण का पूरा खाका तैयार कर शासन को प्रस्ताव भेज दिया गया है। जैसे ही प्रस्ताव को वित्तीय व प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त होगी, टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
बुद्धिप्रकाश, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका