मैनपुरी। डाक्टर बीआर अंबेडकर विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में चल रही परीक्षाओं में अधिकांश महाविद्यालयों में नकल का खेल चल रहा है। कहीं बोलकर तो कहीं मॉडल पेपर रखकर नकल कराई जा रही है। देहात क्षेत्रों के महाविद्यालयों में तो ब्लैकबोर्ड पर लिखकर नकल कराई जा रही है। शहर के चित्रगुप्त महाविद्यालय में अंदर नकल लेकर आने पर भले ही अंकुश लगा हो लेकिन गुरुवार को बाहर से नकल पहुंचाने के मामले सामने आए।
गुरुवार को सुबह की पाली में बीए फाइनल संस्कृत, बीए द्वितीय वर्ष उर्दू की परीक्षा हुई। दोपहर की पाली में एमए फाइनल समाजशास्त्र और एमए प्रथम वर्ष की समाजशास्त्र की परीक्षा हुई। जबकि शाम की पाली में एमए फाइनल अंग्रेजी की परीक्षा हुई। अधिकांश महाविद्यालयों में परीक्षा के दौरान परीक्षार्थी नकल करते देखे जा रहे हैं। सूत्रों की माने तो देहात के महाविद्यालयों में तो ब्लैक बोर्ड पर लिखकर प्रश्न हल कराए जा रहे हैं। वहीं, विश्वविद्यालय के सचल दस्ते जिले में हो रही नकल की अनदेखी कर रहे हैं।
श्री चित्रगुप्त महाविद्यालय में नकल की खबर और फोटो प्रकाशित होने के बाद गुरुवार को सख्ती बरती गई। गेट पर परीक्षार्थियों की तलाशी ली गई। हालांकि बाहर से खिड़कियों के माध्यम से युवा नकल पहुंचाते नजर आए। खिड़की से नकल करा रहे युवक पर जब कैमरा चलाया गया तो वह खिड़की से उतर कर मॉडल पेपर लेकर भाग गया। गुरुवार को प्राचार्य ने प्रेस फोटोग्राफरों को महाविद्यालय के अंदर नहीं जाने दिया। उनका कहना था कि कालेज की प्रबंध समिति ने निर्णय लिया है कि परीक्षा में बाहरी व्यक्तियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। नकल रोकने को कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं।