मैनपुरी। सोमवार की शाम पूर्व सैनिक और पुलिस के बीच हुए विवाद के बाद पूर्व सैनिक और उसके दो पुत्रों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने पूर्व सैनिक को मंगलवार को स्पेशल जज डकैती की कोर्ट में पेश किया। वहां पूर्व सैनिक ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया। स्पेशल जज डकैती ने पूर्व सैनिक का मेडिकल कराने के निर्देश दिए हैं।
रठेरा निवासी पूर्व सैनिक फूल सिंह यादव का बड़े चौराहे पर सिपाहियों से विवाद हो गया था। सोमवार की देरशाम सिटी मोबाइल प्रभारी रामेश्वर दयाल ने फूल सिंह और उसके पुत्र नीरज, अजीत के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, सरकारी राइफल छीन कर सिपाही गिरजेश यादव पर जान से मारने की नीयत से सिर पर चोट पहुंचाने, सरकारी राइफल सहित मौके पर पकड़े जाने की रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। मंगलवार को कोतवाली पुलिस ने फूल सिंह को स्पेशल जज डकैती एसके वाजपेई के न्यायालय में पेश किया। कोर्ट में फूल सिंह ने आरोप लगाया कि पुलिस ने कोतवाली में उनके साथ जमकर मारपीट की है। उसके हाथ और जांघ में गंभीर चोटें आई हैं। उसे हड्डी टूटने की आशंका है लेकिन पुलिस ने मेडिकल नहीं कराया है। स्पेशल जज ने आदेश दिया कि पूर्व सैनिक का मेडिकल कराया जाए।
स्पेशल जज के आदेश के बाद पुलिस पूर्व सैनिक को लेकर जिला अस्पताल पहुंची। स्पेशल जज के आदेश का अनुपालन करते हुए सीएमओ डाक्टर वीके गुप्ता ने दो सदस्यीय पैनल गठित किया। पैनल के सदस्य डाक्टर अशोक कुमार और डाक्टर आरके सागर ने फूल सिंह को आई चोटों के आधार पर एक्सरे कराने की सिफारिश की। बुधवार को पूर्व सैनिक का एक्सरे किया जाएगा। अस्पताल से मेडिकल कराने के बाद पूर्व सैनिक को जेल भेजा गया है।