मैनपुरी। नगर के बीच बड़े चौराहे पर लगे जाम को खुलवाने की कहने पर एक पूर्व सैनिक के साथ होमगार्ड ने हाथापाई कर दी। इसके वहां मौजूद सिपाही ने मारपीट कर दी। पूर्व सैनिक के परिवारीजनों के हंगामा करने पर पहुंचे सिटी मोबाइल के सिपाहियों ने पूर्व सैनिक की जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद पूर्व सैनिक के परिवारीजनों और सिपाहियों के बीच हुई मारपीट में एक सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया। समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष ने थाने में तहरीर नहीं दी थी।
थाना दन्नाहार क्षेत्र के गांव रठेरा निवासी फूल सिंह यादव सेना में 24 वर्ष तक सेवा करने के बाद अवकाश लेकर अब घर पर रहते हैं। उनके पुत्र की 13 नवंबर को लगुन आनी है। सोमवार को फूल सिंह परिवारीजनों के साथ बाजार में खरीदारी करने गए थे। बड़े चौराहे पर जाम लगा देख फूल सिंह ने चौराहे पर मौजूद एक होमगार्ड से जाम खुलवाने को कहा। इस पर होमगार्ड ने उनसे हाथापाई कर दी और भाग गया। फूल सिंह ने वहां मौजूद सिपाही गिरीश यादव से कहा तो सिपाही ने भी मारपीट कर दी। इस पर पूर्व सैनिक के परिवारीजनों ने हंगामा कर दिया। बाद में मौके पर पहुंचे सिटी मोबाइल के सिपाहियों ने भी फूल सिंह को बिना बात के पीटना शुरू कर दिया। इस पर पूर्व सैनिक के परिवारीजन और सिपाही आपस में भिड़ गए। उनके बीच जमकर मारपीट हुई।
इसमें सिपाही गिरीश यादव के सिर और हाथ में चोटें आईं। बाद में सिटी मोबाइल के सिपाही फूल सिंह को कोतवाली ले गए। वहां भी पूर्व सैनिक के साथ जमकर मारपीट की गई। घायल सिपाही गिरीश ने जिला अस्पताल में मेडिकल कराया है। घटना के बाद कोतवाली पहुंचे सीओ सिटी बीपी सिंह ने घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष ने कोई तहरीर थाने में नहीं दी है।
-------
यदि ऑन ड्यूटी किसी ने सिपाही के साथ मारपीट की है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
- श्रीकांत सिंह, एसपी