मैनपुरी। हजरत इमाम हुसैन की शहादत के बाद उठने वाले चेहल्लुम के अल विदाई ताजिए निकाले गए। यह ताजिए इमामबाड़ों पर गश्त करने के बाद देर रात करबला पहुंचे। करबला में गमगीन माहौल में फातिहा ख्वानी के बाद सुपुर्द-ए- खाक किए गए।
बड़े चौराहे पर सभी ताजिए एकत्रित हुए। यहीं पर अखाड़ा खेला गया। जहां कलाकारों ने अजब गजब करतब दिखाकर दर्शकों को हैरत में डाल दिया। यह ताजिए इमामबाड़ा आगरा रोड पर सलामी देने के बाद वापस बड़े चौराहे पर आकर जुलूस के शक्ल में कृष्णा टाकीज रोड, कटरा, लाल मठिया, मदार दरवाजा, किला बजरिया से होते हुए पीछे दरगाह पर पहुंचे। यहां सलामी दी गई। इसके बाद भरतवाल से होकर करबला पहुंचे। यहां गमगीन माहौल में फातिहा ख्वानी के बाद ताजिए सुपुर्द-ए-खाक किए गए।
इस बीच ताजियों की जियारत के लिए काफी भीड़ उमड़ी। बड़े चौराहे, देवी गेट पुलिस चौकी, मदार दरवाजा पर अखाड़े खोले गए। यहां करतब बाजों ने अपने हुनर कर मुजाहिरा किया।
जुलूस में शांति व्यवस्था की दृष्टि से एसडीएम सदर एनपी पांडेय, सीओ सिटी आरके श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। वहीं नगर पालिका ने जुलूस मार्ग पर सफाई व्यवस्था सुचारु कराई साथ ही जगह-जगह अलाव का भी प्रबंध किया। जुलूस में मोहर्रम कमेटी के अध्यक्ष मो.एजाज गुड्डू, सचिव आरिफ उल्ला, शफी ठेकेदार, नदीम इलाही, अब्दुल कयूम, शफी मंसूरी, मो.असलम, शाहबुद्दीन, गुलाम हुसैन, सगीर अहमद, शमशुद्दीन वारसी, हाजी अनवार इलाही, अशफाक, मुस्तफा वारसी, निसार खां, सलीम फौजी, एजाज मंसूरी, अच्छे मियां, सलीम अब्बू आदि अकीतदमंद शामिल रहे।