मैनपुरी। बिछवां क्षेत्र के ग्राम सुन्नामई में संक्रामक रोगों के प्रकोप की जानकारी पर मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची। टीम ने गांव में पहुंचकर 22 रोगियों को प्राथमिक उपचार दिया। 14 रोगियों में मलेरिया की आशंका होने पर उनकी जांच के लिए स्लाइड बनाई गईं। टीम को बताया गया कि गांव में कुछ रोगियों को गंभीर हालत में बाहर उपचार के लिए ले जाया गया है।
विकास खंड सुल्तानगंज क्षेत्र के ग्राम तिसौली में मंगलवार को स्वास्थ्य पर्यवेक्षक रवींद्र सिंह गौर, नारायन सिंह, शिवकुमार और कुमुद दुबे की टीम ने पहुंचकर रोगियों का परीक्षण किया गांव में उल्टी, दस्त और तेज बुखार से पीड़ित होने पर 22 रोगियों को उपचार दिया। मलेरिया की आशंका होने पर 14 रोगियों की मलेरिया जांच के लिए स्लाइड बनाई गईं।
ग्रामीणों ने बताया कि वंदना और सूरज की उल्टी दस्त से गंभीर हालत होने पर परिजन उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए हैं। इसके साथ ही अन्य तीन रोगियों को भी बाहर उपचार के लिए ले गए हैं। गांव में सतेंद्र कुमार के पुत्र कन्हैया (8), पुत्री रश्मि (6), पुत्र नन्हे (2), जयराम के पुत्र (5), दयानंद की पुत्री प्रज्ञा (5) आदि की हालत में सुधार है। स्वास्थ्य पर्यवेक्षक गौर ने बताया कि रोगियों को उपचार के लिए पुन: टीम गांव जाएगी। उन्होंने रिपोर्ट सीएमओ को भेज दी है।