मैनपुरी। थाना कुरावली क्षेत्र के नगला चिरौंजी में सोमवार की रात एक दर्जन सशस्त्र बदमाशों ने धावा बोल दिया। बदमाशों ने चार घरों में सो रहे परिजनों को बंधक बनाकर लूटपाट की कोशिश की। परिजनों के शोर मचाने पर ग्रामीण जाग गए। ग्रामीणों का दबाव देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में ग्रामीणों ने भी फायरिंग की। इसके बाद फायरिंग करते हुए बदमाश खेतों की ओर भाग गए।
बताते हैं कि सोमवार की रात नगला चिरौंजी के ग्रामीण अपने घरों में सो रहे थे। रात में एक दर्जन सशस्त्र बदमाशों ने गांव में धाबा बोल दिया। बदमाश ग्रामी हरीसिंह फौजी, रामब्रेश, सुघर सिंह और लज्जाराम के घरों में घुस गए। उन्होंने असलहों के बल पर सो रहे परिजनों को बंधक बना लिया। बदमाशों ने परिजनों पर दबाव बनाकर घर में रखी नकदी, आभूषण की जानकारी करने की कोशिश की। इस दौरान परिजनों के शोर मचाने पर गांव के अन्य लोग जाग गए। शोरगुल सुनकर गांव के लोग जब हरी सिंह, रामब्रेश, सुघर सिंह, लज्जाराम के घरों की ओर भागे तो बदमाशों ने ग्रामीणों पर दबाव बनाने के लिए फायरिंग शुरू कर दी। इस पर ग्रामीणों ने भी बदमाशों पर दबाव बनाने के लिए ताबड़तोड़ फायरिंग की। दोनों ओर से हुई फायरिंग से गांव में दहशत फैल गई। गांव के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों का दबाव देख बदमाश फायरिंग करते हुए गांव से खेतों की ओर भाग गए।
इस दौरान ग्रामीणों ने भागते बदमाशों का काफी दूर तक पीछा भी किया, मगर कोई बदमाश हाथ नहीं लगा। गांव वालों ने रात में ही थाने में सूचना दे दी। इसके बाद भी मंगलवार दोपहर तक गांव में पुलिस नहीं पहुंची थी। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस की शिथिलता से बदमाशों के हौसले बढ़ रहे हैं। बरसात के मौसम में आए दिन बदमाश घरों में घुसकर लूटपाट करने की कोशिश करते हैं। वहीं थानाध्यक्ष का कहना है कि उनके संज्ञान में ऐसा कोई मामला नहीं है।