करहल तहसील के सभागार में नोटिस की सुनवाई के दौरान मौजूद मतदाता। संवाद
मैनपुरी। एसआईआर की प्रक्रिया के बाद नोटिस जारी कर सुनवाई शुरू की गई। जनपद की सभी तहसील और ब्लॉक पर सुनवाई की प्रक्रिया चल रही है। कई विभागीय अधिकारियों को इस काम में लगाया गया है। वहीं जनवरी से शुरू हुई इस प्रक्रिया में अब तक करीब 89 फीसदी नोटिस की सुनवाई पूरी हो चुकी है। 27 मार्च तक सुनवाई पूरी करनी है।
जनपद में एसआईआर से पहले 1403413 मतदाता थे। एसआईआर प्रक्रिया पूरी होने के बाद 226875 मतदाताओं के नाम सूची से हट गए। इन मतदाताओं में मृत, अनुपस्थित, स्थानांतरित और डुप्लीकेट शामिल थे। वहीं 277475 मतदाता ऐसे थे, जिनकी मैपिंग 2003 की मतदाता सूची से नहीं हो पाई थी। इनसे 13 दस्तावेज जिनमें पासपोर्ट, जन्म प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र व शैक्षिक प्रमाण पत्र आदि मांगे जा रहे हैं। जनवरी से इन मतदाताओं को प्रशासन की ओर से मैपिंग के लिए नोटिस जारी किए गए। 21 जनवरी से नोटिस पर सुनवाई शुरू की गई। प्रशासन के आंकड़ों की बात करें तो अभी तक करीब 247537 नोटिस पर सुनवाई हो चुकी है। अभी 29938 नोटिस पर सुनवाई होना बाकी रह गई है। जिला प्रशासन की मानें तो तय तिथि से पहले ही सभी नोटिस की सुनवाई पूरी कर ली जाएगी।
नए मतदाता बनने के लिए उत्साह
जनपद में एसआईआर की प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही नए मतदाता बनाने का काम भी चल रहा है। जिला निर्वाचन कार्यालय के आंकड़ों की बात करें तो एसआईआर शुरू होने के बाद जनपद में करीब 90 हजार फार्म 6 भरे गए। वहीं, अगर 7 जनवरी से बात करें तो करीब 80 हजार फार्म 6 भरे गए हैं। इसके साथ ही नए मतदाता बनवाने के लिए सभी बीएलओ को निर्देशित किया गया है।
जनपद में नोटिस की सुनवाई का काम तेजी से चल रहा है। करीब 89 फीसदी काम पूरा हो चुका है। 27 मार्च तक सुनवाई की जानी है। नए मतदाता बनाने के लिए भी लगातार अभियान चलाकर फार्म 6 भरवाए जा रहे हैं। - अंजनी कुमार सिंह, जिलाधिकारी