मैनपुरी। समाज कल्याण विभाग जल्द ही 722 निर्धन बेटियों का कन्यादान करेगा। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत विभाग को लक्ष्य मिल गया है। जल्द ही बैठक कर टेंडर की प्रक्रिया कराई जाएगी। इसके बाद भव्य आयोजन में बेटियों की विदाई की जाएगी।
सामूहिक विवाह योजना के लिए शासन स्तर से लक्ष्य जारी कर दिया गया। जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि विभाग को 722 जोड़ों के विवाह कराने का लक्ष्य मिला है। लक्ष्य मिलने के साथ ही विवाह समारोह से संबंधित प्रक्रियाएं शुरू कर दी गई हैं। जल्द ही मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में टेंडर होगा।
टेंडर के बाद शादी आयोजन की अन्य तैयारियां शुरू हो जांएगी। अधिकारी ने बताया कि विवाह की तिथि निर्धारित होने के बाद जोड़ों के सत्यापन का कार्य शुरू कराया जाएगा। विवाह के आयोजन में विभाग एक लाख रुपये खर्च करता है। बेटी के खाते में डीबीटी के माध्यम से 60 हजार रुपये भेजे जाते हैं। 25 हजार रुपये का सामान और 15 हजार रुपये विवाह समारोह पर खर्च में किए जाते हैं।