मैनपुरी। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में एक टीम ने मंगलवार कन्हैया मिष्ठान भंडार का निरीक्षण किया। टीम ने दुकान की कार्यशाला में लगभग तीस किलोग्राम दूषित पुरानी मिठाई पाई। इसमें लड्डू, बूंदी और जलेबी शामिल थी, जिसकी कीमत लगभग 5000 रुपये थी। टीम ने इस दूषित मिठाई को नष्ट करवा दिया।
निरीक्षण में टीम को खिड़कियों में जाली नहीं मिली। कर्मचारियों के लिए व्यक्तिगत सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं थीं। इन कमियों के लिए धारा 32 के तहत सुधार नोटिस जारी किया गयाद्ध शिकायत के आधार पर बर्फी का नमूना भी लिया गया है। इसे जांच के लिए खाद्य विश्लेषक उत्तर प्रदेश शासन को भेजा गया। रिपोर्ट मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी एके पाठक ने बताया कि लगातार एक्सपायरी डेट का माल बेचने की शिकायतें मिल रही थीं। मेसर्स रामनाथ एंड संस के मालिक अशोक कुमार गुप्ता के यहां छापा मारा गया। वहां लगभग चालीस गत्ते एक्सपायर कबीरा ब्रांड सरसों का तेल बरामद हुआ। प्रत्येक गत्ते में बारह बोतलें थीं, कुल 220 किलोग्राम तेल था। इसकी कीमत लगभग 38400 रुपये थी। टीम ने बोतलों को खोलकर तेल को नष्ट करवा दिया। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी ब्रजेंद्र कुमार और इंद्रजीत शामिल रहे।