मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला राजीव गांधी नगर में रविवार दोपहर दंपती को घर में घुस कर लाठी-डंडों और सरिया से पीटा गया। मोहल्ले के लोग एकत्रित होने पर हमलावर धमकी देकर भाग गए। पुलिस ने 14 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की है।
इंद्रेश कुमार ने बताया कि रविवार दोपहर को वह अपने स्कूल की बाउंड्री को ऊंंचा करा रहे थे। तभी आशीष गुप्ता निवासी उद्योग केंद्र ज्योति रोड, उमेश चंद्र सक्सेना निवासी स्टेशन रोड, उमेश का पुत्र व भाई कार व स्कार्पियो से 10 अन्य लोग वहां आ गए। सभी घर में घुस आए और उन्हें व पत्नी रेखा को गालियां देने लगे। विरोध करने पर सरिया व डंडों से उन्हें व पत्नी को पीटना शुरू कर दिया।
उनके सिर में सरिया से प्रहार किए गए। पत्नी को भी काफी चोट लगी। मोहल्ले के लोग एकत्रित हुए और उन्हें बचाया। तब हमलावर जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग गए। इंस्पेक्टर कोतवाली फतेह बहादुर सिंह ने बताया कि पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है, शीघ्र ही उन्हें गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।