थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर में बुधवार की रात गांव से बाहर बने भेड़ों के बाड़े में अज्ञात जानवर ने हमला कर दिया। हमले से 25 भेड़ें मर गईं। 18 भेड़ घायल हो गईं। बाड़े में 60 भेड़ बंधी थीं। जानकारी पर पहुंचे पशु चिकित्सक ने मृत भेड़ों का पोस्टमार्टम किया है। घायल भेड़ों को उपचार दिया। पशु चिकित्सक का कहना है कि हमला करने वाला जानवर संभवत: सियार या जंगली कुत्ता है।
गांव रसूलपुर निवासी कमलेश यादव भेड़ पालन का काम करते हैं। कमलेश ने गांव से बाहर भेडे़ं पालने के लिए बाड़ा बना रखा है। बुधवार की रात कमलेश घर पर लेटे थे। रात में अज्ञात जंगली जानवर बाडे़ की दीवार फांदकर घुस अया। बाड़े में बधीं भेड़ों पर हमला बोल दिया, जिसमें 25 भेड़ें मर गईं। 18 भेडे़ं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
गुरुवार की सुबह पांच बजे कमलेश ने बाड़ा का गेट खोला तो वहां लहूलुहान हालत में भेड़ें पड़ी थीं। सूचना पशु चिकित्साधिकारी बरनाहल डाक्टर प्रवेंद्र कुमार को दी गई। उन्होंने मौके पर पहुंचकर मृत भेड़ों का पोस्टमार्टम कर घायलों को उपचार दिया।
पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि भेड़ों पर हमला सियार या जंगली कुत्तों ने किया होगा। मौके पर और भेड़ों के शरीर पर खरोंच और काटे के निशान देखकर ऐसा ही प्रतीत हो रहा है। वहीं जानकारी पर पहुंचे क्षेत्रीय लेखपाल देवेंद्र सिंह चौहान ने क्षति का आंकलन कर अपनी रिपोर्ट एसडीएम को भेजी है। वहीं जंगली जानवर के हमले की जानकारी से ग्रामीण भी दहशत में हैं।
परिवार के भरण पोषण में होगी परेशानी
कमलेश का कहना था कि भेड़ पालन का काम उसका पुश्तैनी है। उसके पास जमीन नहीं है। भेड़ पालन कर वह परिवार का भरण पोषण करता था। भेड़ों के मरने से परिवार के भरण पोषण में काफी परेशानी होगी। उसे लगभग तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है।