ज्योंती उपकेंद्र पर लगाया 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर
- फोटो : अमर उजाला
शहर के एक बड़े इलाके के लोगों को अब विद्युत समस्या से निजात मिलेगी। ज्योंती रोड स्थित विद्युत उप केंद्र पर शुक्रवार को पांच एमवीए की जगह 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर स्थापित किया है। देर शाम आपूर्ति सुचारु कराई।
ज्योंती रोड स्थित विद्युत उपकेंद्र पर लंबे समय से पांच एमवीए के ट्रांसफार्मर से आपूर्ति की जा रही है। बड़ा इलाका और कम क्षमता के ट्रांसफार्मर के कारण आए दिन ट्रिपिंग और ओवर लोडिंग की समस्या से उपभोक्ताओं को जूझना पड़ रहा है। समस्या के समाधान के लिए विभाग ने पांच की जगह 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर स्थापित करने का निर्णय लिया।
शुक्रवार को अधिशासी अभियंता एके पांडेय, जेई सत्य प्रकाश की देखरेख में विभाग की तकनीकी टीम ने उपकेंद्र पर पहुंचकर सुबह नौ से शाम पांच बजे तक मशक्कत करने के बाद ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया। शाम छह बजे के बाद क्षेत्र में आपूर्ति सुचारु कर दी गई है। विभाग का मानना है कि 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर स्थापित होने के बाद क्षेत्र के उपभोक्ताओं को ट्रिपिंग और ओवरलोडिंग की समस्या से निजात मिलेगी बल्कि आपूर्ति भी नियमित होगी।
विद्युत उप केंद्र ज्योंती रोड से संबंधित बड़े इलाके को अब लाभ मिलेगा। केंद्र से संबद्ध ज्योंती रोड, आगरा रोड,नगला रते, राजीव गांधी नगर, सिरसागंज रोड, ट्रांसपोर्ट नगर, नई मंडी आगरा रोड क्षेत्र के 10 हजार से अधिक लोगों को 10 एमवीए के ट्रांसफार्मर से लाभ होगा।