फोटो 07 एमएएचपी 01 परिचय- मृतक पुष्पेंद्र उर्फ भूरा की फाइल फोटो
कनपटी में गोली मार युवक ने जान दी
- एक वर्ष से पेट दर्द की बीमारी से परेशान था
- पुलिस ने शव के पास से तमंचा किया बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
अजनर (महोबा)। थाना अजनर के ग्राम महुआबांध में बीमारी से परेशान युवक ने तमंचे से खुद को गोली मार ली। कनपटी में गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव के पास से तमंचा व मोबाइल बरामद किया है।
ग्राम महुआबांध निवासी पुष्पेंद्र उर्फ भूरा (22) पुत्र जयप्रकाश एक वर्ष से पेट दर्द की बीमारी से परेशान था। परिजन पहले उसका इलाज छतरपुर में कराते रहे लेकिन आराम नहीं मिला। दो माह पहले उसे ग्वालियर ले गए। जहां उसका उपचार कराया गया लेकिन अक्सर पेट में तेज दर्द रहने से युवक परेशान रहने लगा। गुरुवार की देर शाम पुष्पेंद्र ने घर के समीप बने पशुबाड़े में तमंचे से कनपटी में गोली मार ली। जिससे उसकी मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर परिजन व पड़ोसी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने घटनास्थल से तमंचा बरामद किया है। मृतक के पिता ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उसका पुत्र काफी समय से बीमार रहता था। इलाज कराने के बाद भी आराम न मिलने पर उनके यह कदम उठाया। थानाध्यक्ष अजनर विनोद कुमार का कहना है कि मौके से तमंचा बरामद किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।