महोबा। एक जनपद एक उत्पाद योजना में शामिल गौरा शिल्प व धातु शिल्प का युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के लिए आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। सफल प्रशिक्षण हासिल करने के बाद युवा हुनरमंद होकर आत्मनिर्भर बन सकेंगे।
ब्लॉक चरखारी के गौरहारी क्षेत्र में गौरा शिल्प का काम होगा। जनपद महोबा के गौरा शिल्प कलाकार दूर-दूर तक प्रसिद्ध है जबकि कस्बा श्रीनगर में बड़े पैमाने पर धातु शिल्प का काम होता है। गौरा शिल्प और धातु शिल्प को एक जनपद एक उत्पाद योजना में शामिल किया गया है। गौरा शिल्प व हस्त शिल्प में रुचि रखने वाले युवाओं और महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उपायुक्त उद्योग महेशचंद्र सरोज ने बताया कि प्रशिक्षण के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आवेदक को जनपद का मूल निवासी होना चाहिए। आयु सीमा न्यूनतम 18 वर्ष व शैक्षिक योग्यता पांचवीं पास निर्धारित की गई है। आवेदक पूर्व में संचालित किसी भी प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल न हुआ हो। स्वयं का काम शुरू करने के लिए बैंक से ऋण दिलाने में मदद की जाएगी। आवेदक किसी भी प्रकार की दिक्कत होने पर विभागीय कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।