महोबा। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुईं सड़क दुर्घटनाओं में डॉक्टर समेत 13 लोग घायल हो गए। इनमें चार लोगों की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
जनपद बांदा निवासी विष्णु गुप्ता (54) जिला अस्पताल महोबा में डॉक्टर के पद पर कार्यरत हैं। बृहस्पतिवार की सुबह वह कार से महोबा आ रहे थे। कानपुर-सागर हाईवे पर कस्बा कबरई के पास तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से कार में टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं शहर के मोहल्ला सुभाषनगर निवासी श्याम सिंह (45) बाइक से बाजार जा रहा था। रास्ते में अन्ना मवेशी को बचाने में बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। इससे युवक घायल हो गया।
इसी तरह हमीरपुर निवासी दिव्यांशी, बेलाताल निवासी रामदेवी, सुभाषनगर निवासी सोनू, गौरीहार निवासी रोहित, ठठेवरा निवासी तेजकुंवर, श्रीनगर निवासी परवेज, महोबकंठ निवासी प्यारेलाल, मवईखुर्द निवासी जयकुंवर, नटर्रा निवासी रोहित कुमार, विशालनगर निवासी अजय और सरीला निवासी उर्वी अन्य हादसों में घायल हो गए। रामदेवी, तेजकुंवर, परवेज व अजय को मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया है।