महोबा। शहर के बिलवई मार्ग पर संदिग्ध हालात में अचेत अवस्था में मिले युवक की मौत हो गई। मां ने ससुरालियों पर मारपीट कर जहर खिलाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
शहर के मोहल्ला मिल्कीपुरा निवासी रईस की शादी चार माह पहले कस्बा चरखारी के सुदामापुरी निवासी लल्लू की पुत्री रज्जो के साथ हुई थी। 23 सितंबर को वह अपनी पत्नी को लेने ससुराल गया था। रविवार की शाम रईस बिलवई मार्ग पर रेलवे फाटक के पास अचेत अवस्था में पड़ा मिला। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने हालत गंभीर होने पर रेफर कर दिया। छतरपुर ले जाते समय रास्ते में रईस की मौत हो गई।
मां शाकरा ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसके पुत्र रईस से ससुर ने सात लाख रुपये लिए थे। पत्नी को लेने जाने पर पुत्र का रुपयों के लेन-देन को लेकर ससुर से विवाद हुआ। आरोप लगाया कि ससुरालियों ने रज्जो को भेजने से इन्कार करते हुए रईस के साथ मारपीट की और जहर खिलाकर सड़क किनारे फेंक गए। पुलिस ने घटना की जांच के बाद कार्रवाई की बात कह रही है।