चरखारी । एक पखवारे से कस्बे में ठप पेयजल आपूर्ति का जायजा लेने पहुंचे जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को अवर अभियंता को उपभोक्ताओं ने घेर कर पानी मांगा। आपूर्ति न होने से गुस्साए लोगों ने एक्सईएन के सामने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों की भीड़ को देखकर अधिशासी अभियंता राजीव भटनागर ने पेयजल समस्या का जल्द से जल्द निराकरण करने का आश्वासन दिया।
मालूम हो कि कस्बा चरखारी, खरेला और रिवई में पिछले एक पखवारे से पेयजल आपूर्ति को लेकर हायतौबा मची हुई है। पेयजल आपूर्ति समस्या के निराकरण के लिए गुरुवार को जल संस्थान के अधिशाषी अभियंता राजीव भटनागर व अवर अभियंता एसके वर्मा ने पेयजल आपूर्ति करने वाले अर्जुन बांध का निरीक्षण किया। इसके बाद अधिकारियों ने अस्थौन में स्थित फिल्टर प्लांट का भी जायजा लिया। बीपार्क में बनी पानी की टंकी को देखने पहुंचे जल संस्थान के अभियंताओं के आने की भनक लगने से लोगों ने एक्सईएन का घेराव कर हो-हल्ला करने लगे, जिस पर अभियंताओं और लोगों के बीच नोकझोंक भी हुई। जल संस्थान के अधिशाषी अभियंता ने कहा कि बिजली न मिलने से पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। जिस पर लोगों ने कहा कि पानी का बिल जल संस्थान लेता है, इसलिए पानी की आपूर्ति जल संस्थान की जिम्मेदारी है। इस पर एक्सईएन ने जल्द से जल्द पेयजल समस्या का निराकरण कराने का आश्वासन दिया। बिजली की आपूर्ति बाधित होने से ओवरहेड टैंक नहीं भर पा रहे है। जिसके लिए उच्चाधिकारियों को प्रार्थना पत्र लिखकर जनरेटर की व्यवस्था कराने की मांग की गई है। जिससे पानी की आपूर्ति नियमित हो सके। उन्होंने बताया कि पेयजल समस्या को करने के लिए अर्जुन बांध तक बिजली लाइन बिछाई जानी है, जिसके लिए पैसा अवमुक्त हो गया है, जल्द ही बिजली विभाग को लाइन बिछाने के लिए पैसा दिया जाएगा। इस मौके पर व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष मनोहर गुरुदेव, रमेश गुप्ता, नरेंद्र सोनी, अजीजुर्रहमान, बाबूलाल शुक्ला सहित तमाम उपभोक्ता मौजूद रहे।