महोबा। कार्तिक मास शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को आंवला नवमी मनाई गई। इस दौरान महिलाओं ने आंवला वृक्ष के नीचे पहुंच परिक्रमा लगाई और विधि विधान से पूजा अर्चना कर परिवार के सुख समृद्घि की कामना की। इसके बाद आंवला पेड़ के नीचे परिवार समेत भोजन ग्रहण किया।
आंवला नवमी को लेकर सोमवार को महिलाओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। मान्यता है कि इस दिन आंवला के वृक्ष की पूजा करने से परिजन स्वस्थ रहते हैं। यही वजह है कि शहर के बड़ी चंद्रिका मंदिर, रामकुंड, डीएम आवास समेत आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर आंवला पेड़ के नीचे सुबह से महिलाओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। महिलाओं ने विधि विधान से आंवला पेड़ की पूजा कर परिक्रमा लगाई। पूजा के दौरान आंवला नवमी की कथा सुनकर ब्राहम्णों को दान दिया। इसके बाद आंवले को प्रसाद के तौर पर ग्रहण किया। ज्योतिषाचार्य पं. भरत त्रिपाठी ने बताया कि आज के दिन कोई भी शुभ काम किया जाए तो उससे अक्षय फल की प्राप्ति होती है।