तहसील के अंदर प्रदर्शन करती महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
शहर में आए दिन ट्रांसफार्मर फुंकने से लोगों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। बिजली न आने से पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है। मंगलवार को भी पानी के लिए हायतौबा मची रही।
दो दिन पहले डाकघर के सामने स्थित ट्रंासफार्मर फुंक गया, जिससे कई मोहल्लों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। सोमवार की रात को मोहल्ला लंघानपुरा में स्थित ट्रांसफार्मर फुंक गया। इससे महतवानापुरा, लंघानपुरा, शेखनपुरा, टिकरीपुरा, बंधानवार्ड सहित आधा दर्जन मोहल्लों की बिजली गुल हो गई।
गर्मी में बिजली न आने से लोगों को रातभर रतजगा करना पड़ा। सुबह मेें पानी के लिए हाहाकार मचा रहा। मोहल्लेवासियों ने बिजली विभाग जाकर ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग की है। बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता का कहना है कि जल्द ही दूसरा ट्रांसफार्मर स्थापित कराकर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। शहर में अघोषित बिजली कटौती से नागरिकों का बुरा हाल है। बिजली आने जाने का कोई समय नहीं है।