कस्बा खन्ना में प्रदर्शन करती महिलाएं
- फोटो : MAHOBA
खन्ना (महोबा)। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत ग्रामीणांचलों में निशुल्क गैस कनेक्शन देने के नाम पर 100 से 200 रुपये तक सुविधा शुल्क लिए जाने के विरोध में कनेक्शन लेने आई महिलाओं ने एजेंसी संचालक के खिलाफ प्रदर्शन किया। इससे वहां हड़कंप मच गया। गैस एजेंसी के कर्मचारी मौके से खिसक गए।
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन करने वालों को निशुल्क गैस व चूल्हा वितरण करने के लिए कस्बा खन्ना में बुलाया गया था। जहां पर बड़ी संख्या में महिलाओं की भीड़ जुटी। योजना के तहत निशुल्क गैस चूल्हा दिया जाना है लेकिन एजेंसी संचालक द्वारा कनेक्शन के नाम पर 100 से 200 रुपये लिए जाने पर महिलाएं भड़क गई। महिलाओं ने नारेबाजी कर विरोध जताया। बाद में उपजिलाधिकारी सदर देवेंद्र सिंह को शिकायती पत्र देकर जांच कराकर एजेंसी संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में ग्राम सिरसी खुर्द निवासी रामदुलारी पत्नी मंगल, गीता पत्नी राधेश्याम, रेखा, ललता, जयदेवी, कलावती, मैना, मवई खुर्द निवासी गीता , आशा, अनुसुइया आदि तमाम महिलाओं ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा गरीबों को निशुल्क गैस कनेक्शन दिए जा रहे हैं जबकि एजेंसी संचालक द्वारा पैसा लिया जा रहा है। जिससे महिलाओं में खासा आक्रोश है। उधर एजेंसी संचालक मोहनलाल ने पैसा लेने की बात से इंकार किया है। कहा कि महिलाएं झूठा आरोप लगा रही है।