ऐतिहासिक गोवर्धन्नाथ जू मंदिर की परिक्रमा करती महिलाएं
- फोटो : MAHOBA
चरखारी (महोबा)। कमलदल से आच्छादित सप्त सरोवरों व 108 कृष्ण मंदिरों से सुसज्जित कस्बा चरखारी का नजारा देवोत्थान एकादशी पर बुधवार को बदला नजर आया। एकादशी पर कार्तिक स्नान करने वाली हजारों की संख्या में महिलाओं की जुटने वाली भीड़ कोरोना संक्रमण के चलते सीमित रहीं। एक बार में 10-10 महिलाओं को ही मंदिर में प्रवेश दिया गया। महिलाओं ने ऐतिहासिक गोवर्धन्नाथ मंदिर की परिक्रमा कर विधि विधान से पूजा अर्चना की।
एकादशी परिक्रमा में प्रशासन व नगर पालिका द्वारा विशेष इंतजाम किए गए। एसडीएम की अपील पर कस्बा समेत आसपास के गांवों की सैकड़ों महिलाओं ने घरों में ही पूजन किया। जबकि ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले भक्तों की संख्या सीमित रही।
दीपावली के दूसरे दिन से आयोजित होने वाले गोवर्धन्नाथ मेले में धार्मिक आयोजनों को छोड़कर अन्य कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं। भगवान गोवर्धन्नाथ जू की सवारी के अलावा अन्य प्रमुख मंदिरों की सवारी मेला मंदिर पहुंची। मंदिर में प्रवेश से पहले भक्तों की थर्मल स्केनिंग व पल्स आक्सीमीटर से जांच की गई।
बिना मास्क प्रवेश पर पूरी तरह पाबंदी दिखी। इस मौके पर एसडीएम राकेश कुमार, नगर पालिका अध्यक्ष मूलचंद्र अनुरागी, प्रभारी निरीक्षक श्रवण कुमार सिंह, महिला थाना प्रभारी सुषमा चौधरी, चौकी प्रभारी सुनील कुमार आदि मौजूद रहे।