दिल्ली जा रही रोडवेज बस में बिना मास्क सवार यात्री
- फोटो : MAHOBA
महोबा। जिले में प्रशासन द्वारा कोरोना संक्रमण से बचाव के इंतजामों की पोल खुल रही है। रोडवेज बस स्टैंड पर कोविड हेल्प डेस्क की स्थापना तो दूर बसों को भी सैनिटाइज नहीं कराया जा रहा है। शुक्रवार को अमर उजाला टीम ने रोडवेज बस स्टैंड में कोरोना संक्रमण से बचाव के इंतजामों की हकीकत परखी तो अफसरों की लापरवाही सामने आई।
दूसरे चक्र में कोरोना के बढ़ रहे संक्रमण को लेकर डीएम सत्येंद्र कुमार ने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन व अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों व कार्यालयों में कोविड हेल्प डेस्क की स्थापना के निर्देश दिए थे, लेकिन कहीं भी इनका पालन होता नहीं दिख रहा है। रोडवेज बस स्टैंड में कोरोना से बचाव की कोई व्यवस्था नहीं की गई है, जबकि यहां से विभिन्न जनपदों के लिए लोग यात्रा करते हैं। रोडवेज आने वाले यात्रियों की न तो थर्मल स्क्रीनिंग होती मिली और न ही बसें सैनिटाइज की गईं। इतना ही नहीं, बसों में सवार अधिकांश यात्री बिना मास्क यात्रा करते नजर आए। शुक्रवार की दोपहर करीब एक बजे बस स्टैंड से दिल्ली जा रही रोडवेज बस में दो दर्जन यात्री सवार मिले। न उनके चेहरों पर मास्क थे, न ही वे उचित दूरी का पालन कर रहे थे। बसें दिल्ली से आ जा रहीं हैं, लेकिन रोडवेज प्रशासन इसको लेकर गंभीर नहीं है। ऐसे में कोरोना संक्रमण बढ़ने का खतरा बना है।