कुलपहाड़ (महोबा)। थाना क्षेत्र के मंगरौल गांव में एक दुकानदार को दबंगों से चाट-समोसे के रुपये मांगना महंगा पड़ गया। नाराज दबंगों ने दुकानदार के ठेले पर ट्रैक्टर चढ़ाकर सामान क्षतिग्रस्त कर दिया। इतना ही नहीं दुकानदार के साथ मारपीट भी की गई। पीड़ित ने शुक्रवार को सीओ से कार्रवाई की मांग की है।
मंगरौल निवासी विक्रम कुशवाहा गांव में चाट-समोसे का ठेला लगाता है। 18 जून को गांव के ही तीन दबंग उसकी दुकान पर पहुंचे। चाट-समोसा खाने के बाद बिना रुपये दिए जाने लगे तो विक्रम ने उनसे रुपये मांगे। गुस्साए दबंगों ने विक्रम के ठेले पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। इससे ठेला का सामान नाली में गिरकर बर्बाद हो गया। विरोध करने पर दबंगों ने विक्रम की पिटाई कर दी। पीड़ित ने सीओ को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। बताया कि आरोपियों के घर उलाहना देने जाने पर अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दी। सीओ अरुण कुमार सिंह ने पीड़ित को न्याय का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।