महोबा। थाना श्रीनगर के बरा गांव में बिजली कनेक्शन काटने गए अवर अभियंता व कर्मचारियों को बंधक बनाए जाने का मामला सामने आया है। आरोपियोंं ने अवर अभियंता की बाइक की चाबी छीन ली और अभद्रता की। कनेक्शन दोबारा जोड़ने के बाद ही कर्मचारियोंं को छोड़ा गया। जेई की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद व तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस आरोपियोंं की तलाश कर रही है।
श्रीनगर क्षेत्र में बिजली निगम के जेई देवकीनंदन ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बरा गांव में बिजली बिल राहत योजना के तहत विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उनके साथ संविदाकर्मी राहुल निवासी ननौरा, लाइनमैन अजय कुमार निवासी सेलामाफ, संविदाकर्मी अरविंद कुमार, ईश्वरदास और मनीष कुमार भी मौजूद थे। शिविर के दौरान बिजलीकर्मियों की टीम ने घर-घर जाकर चेकिंग करते हुए उपभोक्ताओं को योजना के तहत मिल रही छूट की जानकारी दी। कहने के बाद भी बिल जमा न करने वाले बकायेदारों के बिजली कनेक्शन काटे गए। आरोप है कि चेकिंग के दौरान गांव के सूरज तिवारी ने मौके पर आकर लोगों को भड़काना शुरू कर दिया। गांव के कई लोगों को मौके पर बुलाकर बिजली कर्मचारियों के साथ अभद्रता करना शुरू कर दिया।
उन्होंने बिजली कनेक्शन काटने का विरोध करते हुए बाइक की चाबी छीन ली और कहा कि जब तक सभी बिजली कनेक्शन नहीं जुड़ जाते, तब तक गांव से नहीं जा पाओगे। जेई का कहना है कि ग्रामीणों ने उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी। इससे परेशान होकर बिजलीकर्मियों की टीम को सभी बिजली कनेक्शन वापस जोड़ने पड़े। इसके बाद ही उन्हें बाइक की चाबी वापस मिली। जेई की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी सूरज तिवारी और तीन अन्य लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने, बिजली अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। थानाध्यक्ष जयचंद्र सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।