झगड़े के दौरान बेटे ने पिता के सिर पर ईंट मारकर की हत्या खबर में फोटो 07 एमएएचपी 20 परिचय-गांव
श्रीनगर (महोबा)। थाना श्रीनगर के सिजहरी गांव में रविवार शाम एक बेटे ने अपनी पत्नी को पीटते समय बीचबचाव करने आए पिता की ईंट मारकर हत्या कर दी। पिता की मौत देख घर में कोहराम मचा तो बेटा मौके से भाग निकला। हत्या की सूचना पर श्रीनगर थाना पुलिस गांव पहुंची और शव को कब्जे में लेकर परिजन से जानकारी ली।
सिजहरी गांव निवासी हरिहर अहिरवार (58) खेती-किसानी करते थे। परिवार में पत्नी किशोरी, तीन बेटे महेश, अरविंद व दशरथ हैं। महेश की शादी हो चुकी है जबकि अरविंद और दशरथ अविवाहित हैं। घर में महेश की पत्नी रामकुमारी, दो बेटे दीपेंद्र, धीरेंद्र व एक बेटी भी रहती है। महेश दिल्ली में एक भट्ठे पर मजदूरी करता है और कुछ दिन पहले ही गांव आया है।
रविवार की शाम करीब छह बजे महेश घर आया और पिता हरिहर के साथ झगड़ा करने लगा। कुछ देर कहासुनी होने के बाद अचानक महेश ने अपनी पत्नी रामकुमारी से गाली गलौज करते हुए उसकी पिटाई शुरू कर दी। बहू की पिटाई देख हरिहर ने झगड़ा बंद कराने के लिए बीचबचाव करना चाहा तो महेश आग बबूला हो गया और उसने घर में रखी ईंट उठाकर पिता के सिर पर मार दिया।
इससे उनका सिर फट गया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। यह देख परिजन में रोना-पीटना शुरू हो गया तो महेश मौके से भाग निकला। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
किशोरी ने बताया कि बेटा महेश कुछ दिनों से शराब के नशे में रहता था और रोजाना पिता से झगड़ा करता था। रविवार को बहू से मारपीट के दौरान बीचबचाव में आए पति की ईंट मारकर हत्या कर दी। थानाध्यक्ष श्रीनगर जयचंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के दूसरे बेटे अरविंद ने महेश के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। प्राथमिकी दर्ज की गई है। महेश की खोजबीन की जा रही है।