बेलाताल (महोबा)। कस्बा जैतपुर में मंगरौलखुर्द गांव में लगी मोटर फुंकने से पानी की सप्लाई ठप है। 10 दिन बीत जाने के बाद भी मोटर दुरुस्त न कराए जाने से 40 हजार की आबादी पानी के लिए परेशान है।
शिकायत के बाद भी जिम्मेदार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। भीषण गर्मी में हैंडपंपों पर पानी भरने के लिए लोगों की भीड़ जुट रही है।
कस्बे में पेयजल की सबसे अधिक किल्लत ड्योढ़ीपुरा, औनेपुरा, पेट्रोल पंप के पास, जीआईसी के निकट, कचेरनपुरा, श्मशान घाट, बाईपास कॉलोनी, नयापुरा आदि मोहल्लों में है। इसकी शिकायत विभागीय अधिकारियों से भी गई लेकिन समाधान नहीं हुआ। कस्बा जैतपुर में विभिन्न मोहल्लों में पुरानी पाइपलाइन से सप्लाई होती है।
आधे से अधिक इलाके में नमामि गंगे योजना के तहत डाली गई पाइप लाइनों में जगह-जगह आए दिन लीकेज होते हैं। वहीं कुछ इलाकों में केवल नल के कनेक्शन हुए हैं लेकिन टोटियों से पानी नहीं आया।
इसके अलावा कुछ इलाके में जलापूर्ति के लिए पाइपलाइन ही नहीं डाली गई। 10 दिन पहले मोटर फुंकने से पेयजल संकट और गहरा गया है।
नमामि गंगे के जेई वकील प्रसाद का कहना है कि जिस जगह पानी नहीं पहुंच रहा है, वहां की सप्लाई फिल्टर प्लांट से जोड़ी जा रही है। कुछ जगह एक सप्ताह के अंदर पानी पहुंच जाएगा। सभी इलाकों में पानी पहुंचने में एक से दो महीने का समय लग सकता है।