महोबा। शहर में गैस की पाइपलाइन डालने वाली इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) के ठेकेदारों का एक और गड़बड़झाला सामने आया है।
घर-घर कनेक्शन देने के बाद शहर की सड़कों में गैस की पाइपलाइन डालने का काम कर रही कंपनी ने अभी तक अग्निशमन विभाग की एनओसी नहीं ली है। अग्निशमन विभाग ने मानक पूरे न करने पर गैस कंपनी प्रबंधन को कड़ी चेतावनी देते हुए एनओसी लेने के निर्देश दिए हैं।
एक साल पहले इंद्रप्रस्थ गैस कंपनी की ओर से महोबा शहर के विभिन्न मोहल्लों में घर-घर कनेक्शन किए गए थे। डोर-टू-डोर रसोई गैस पहुंचाने के लिए पिछले दिनों शहर की सड़कों को खोदकर मशीन के माध्यम से पाइपलाइन डालने का काम शुरू किया गया था।
तब इसकी शिकायत पालिका प्रशासन से की गई थी। पालिका से आवश्यक प्रक्रिया पूरी न कराने पर कंपनी का शहर की सड़कों पर पाइपलाइन डालने के काम को ईओ ने रुकवा दिया था।
साथ ही गैस कंपनी के वाहन व पाइप को जब्त किया था। अब गैस कंपनी की एक और लापरवाही सामने आई है। कंपनी की ओर से शहर में गैस पाइप लाइन डालने के लिए अभी तक एनओसी नहीं ली गई।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी देवेश कुमार तिवारी का कहना है कि कंपनी ने विभाग से किसी भी प्रकार की एनओसी नहीं ली है। गैस एजेंसी प्रबंधन को अग्निशमन विभाग की एनओसी लेने के लिए कहा है।