विकासखंड जैतपुर के ग्राम सगुनियामाफ के तमाम ग्रामीणों के नाम काटकर 12 किलोमीटर दूर भटेवरा गांव में जोड़े जाने से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में जमकर प्रदर्शन किया। बाद में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर वोटर लिस्ट में नाम जोड़े जाने की मांग की है। जिस पर डीएम ने डीपीआरओ जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
ग्राम सगुनिया निवासी शिवदयाल, जयसिंह, गनेशी, रामनाथ, फूल सिंह, मदन, भगवत, हीरालाल सहित आधा सैकड़ा से ज्यादा ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जमकर प्रदर्शन कर विरोध जताया। ग्रामीणों ने बाद में डीएम को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह ग्राम पंचायत सगुनिया के मूल निवासी है, गांव से ही उनका आधार कार्ड, वोटर कार्ड और राशन कार्ड बना हुआ है। जबकि जिला पंचातय राज विभाग के कर्मचारियों ने उनके नाम काटकर 12 किलोमीटर दूर स्थित भटेवरा गांव में जोड़ दिया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जिला पंचायत राज विभाग के कर्मचारियों ने विरोधियों से सांठगांठ कर नाम गांव की वोटर लिस्ट से हटा दिए गए है। जिस पर डीएम वीरेश्वर सिंह ने जिला पंचायत राज अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।