फोटो 09 एमएएचपी 19 परिचय-हंगामे के बाद मामला शांत कराकर सुपरवाईजर को मोहल्ले के बाहर छोड़ते ग्र
पनवाड़ी (महोबा)। कस्बा पनवाड़ी के मोहल्ला ठकुरासपुरा में स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर कंपनी के सुपरवाइजर को दो घंटे तक गांव में बैठाकर समस्या गिनाईं। साथ ही स्मार्ट मीटर हटाए जाने की मांग की। दूसरे ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
कस्बा पनवाड़ी में अधिकांश बिजली उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। बृहस्पतिवार को उपभोक्ताओं ने मीटर में दिक्कत की शिकायत की तो एक लाइनमैन वहां पहुंचा। तब उपभोक्ताओं ने सुपरवाइजर को बुलाने के लिए कहा। स्मार्ट मीटर कम्पनी के सुपरवाइजर प्रवीण नायक इसकी सूचना पर दिन में करीब साढ़े 11 बजे ठकुरासपुरा मोहल्ले में पहुंचे। जैसे ही वह मोहल्ले में पहुंचे तो वहां मौजूद उपभोक्ताओं ने उन्हें घेर लिया और हंगामा करना शुरू कर दिया। उपभोक्ताओं ने उन्हें एक जगह पर बैठाया और शिकायतें सुनने को कहा। उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से बिल अधिक आ रहा है और बिना किसी पूर्व सूचना के आपूर्ति बंद हो जा रही है।
कुछ उपभोक्ताओं ने कहा कि स्मार्ट मीटर में बिल जमा करने के दो दिन बाद ही बिजली फिर से कट जाती है। इससे रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे है। ठकुरासपुरा निवासी रिंकू आदि ने बताया कि पहले सामान्य बिल आता था लेकिन स्मार्ट मीटर लगने के बाद से तीन से चार हजार रुपये महीना बिल आ रहा है जबकि उनके यहां इतनी खपत नहीं है। उपभोक्ताओं ने कहा कि मीटर की गुणवत्ता खराब है और वह अधिक बिल तैयार कर रहा है। इससे लोगों का बजट बिगड़ रहा है। वह शिकायत भी करते हैं तो कोई समाधान नहीं निकाला जा रहा है। महिलाओं ने कहा कि बिजली कटने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है। उन्होंने मीटर बदलने की मांग की है। मौके पर मौजूद सुपरवाइजर प्रवीण नायक ने बताया कि शिकायतें सुनी गई हैं और उन्हें अधिकारियों तक भेजा जाएगा। प्रवीण नायक ने बताया कि शिकायतों को सुनने के बाद वह घर आ गए थे। उपभोक्ताओं ने उन्हें अपनी समस्याएं ही बताई हैं।