श्रीनगर (महोबा)। थाना क्षेत्र के ग्राम बिलखी में एक ग्रामीण की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने रंजिश के चलते हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
ग्राम बिलखी निवासी नाथूराम राजपूत(48) शुक्रवार को करीब दो बजे घर से निकला था। रात में घर न लौटनेे पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। फोन मिलाने पर वह भी नहीं लगा। शनिवार की सुबह उसका शव गांव के पहाड़ पर पड़ा मिला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस व परिजनों को दी। परिजनों ने नाथूराम के रूप में शव की शिनाख्त की।
शरीर पर चोटों के निशान मिलने पर मृतक के भाई सुरेंद्र राजपूत ने हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष श्रीनगर वीरेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि तहरीर मिल गई है। जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।