महोबा। जिले में संक्रामक बीमारियों का प्रकोप जारी है। रविवार को बुखार से पीड़ित ग्रामीण की मौत हो गई। वहीं, दस मरीजों की हालत गंभीर होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिला अस्पताल और निजी क्लीनिकों में सर्दी, खांसी और बुखार के मरीजों की भीड़ है।
दिन में निकल रही तेज धूप व सुबह-शाम पड़ रही हल्की ठंड से लोग विभिन्न बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। रविवार को अवकाश का दिन होने के बाद भी जिला अस्पताल की इमरजेंसी में मरीजों की भारी भीड़ रही।
पिछले 24 घंटे में बुखार, पेट दर्द आदि से ग्रसित शिवरानी, मुन्नीलाल, किशन, उमादेवी, मोनू, प्रमोद, बबीता, सुखदेवी, पीयूष, विकास की हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहीं, मिल्कीपुरा निवासी बृजभूषण (50) पिछले दो दिन से बुखार से पीड़ित चल रहे थे। शनिवार की रात अचानक उनकी हालत बिगड़ गई। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लाए। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जिला अस्पताल के प्रभारी सीएमएस डॉ. गुलशेर अहमद का कहना है कि मौसम में बदलाव से मरीजों की संख्या बढ़ी है। खानपान में बेहद सावधानी बरतने की जरूरत है।