कबरई (महोबा)। झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग में नहदौरा गांव के समीप ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मारकर रौंद दिया। दुर्घटना से आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंचे एडीएम व सीओ ने ट्रक चालक पर कार्रवाई व ब्रेकर बनवाए जाने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। इस दौरान करीब एक घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा। बाइक सवार के हेमलेट न लगाए होने से उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं और जान चली गई।
थाना कबरई के कैमाहा गांव निवासी सुरेश दीक्षित का पुत्र जयेंद्र गुरुवार को बाइक से महोबा किसी कार्य से आया था। सुबह करीब नौ बजे वापस लौटते समय हाईवे में नहदौरा गांव के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना को अंजाम देकर भाग रहे ट्रक चालक को लोगों ने पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। आए दिन दुर्घटनाएं होने और ब्रेकर न बनवाए जाने से नाराज परिजनों व ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कबरई दिनेश सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और जाम खुलवाने का प्रयास किया। पर परिजन व ग्रामीण नहीं माने। तब एडीएम आरएस वर्मा व सीओ तेज बहादुर सिंह ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया और ब्रेकर बनवाने का आश्वासन दिया। बाद में पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बताया जा रहा है कि जिस ट्रक से हादसा हुआ। उस ट्रक का ओवरलोड होने के चलते एआरटीओ ने चालान किया था। जिसे कबरई थाने लाया जा रहा था। रास्ते में हादसा हो गया।