चरखारी (महोबा)। चरखारी-सूपा मार्ग में सड़क पर अचानक बकरी को बचाने के चक्कर में बाइक फिसलने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरखारी ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। वहीं अन्य सड़क दुर्घटनाओं में विद्युत लाइनमैन समेत पांच लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कोतवाली चरखारी के रैपुरा कला गांव निवासी करन सिंह यादव (30) पुत्र टीकाराम शनिवार को बाइक से ननिहाल जनपद जालौन गया था। देर शाम वापस लौटते समय सूपा गांव के पास सड़क पर अचानक बकरी आ जाने से उसे बचाने के प्रयास में बाइक फिसल गई।
हादसे में करन घायल हो गया। हेलमेट न लगाए होने से उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं। सूपा चौकी प्रभारी अनूप कुमार पांडेय ने ग्रामीणों के सहयोग से इलाज के लिए सीएचसी पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने करन सिंह को मृत घोषित कर दिया। धरौन गांव निवासी इकरार (22) विद्युत सब स्टेशन अलीपुरा में संविदा पर लाइनमैन के पद पर तैनात है। रविवार को वह बाइक से विद्युत लाइन ठीक करने गहरा गांव जा रहा था। तभी उटियां गांव के पास बाइक फिसल गई। हादसे में वह घायल हो गया। इसी तरह छोटा रमना निवासी छन्नूलाल, रैपुरा खुर्द निवासी रवींद्र, जसपुरा निवासी धर्मेंद्र व भटीपुरा निवासी नसीम खान अलग-अलग दुर्घटनाओं में घायल हो गए। जिन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया।