महोबा। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में किशोरी ने फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। शाहपहाड़ी गांव निवासी संध्या (17) की गुरुवार की देर शाम किसी बात को लेकर परिजनों से कहासुनी हो गई। जिससे नाराज होकर उसने कमरे में जाकर लट्ठे से फंदा बनाकर फांसी लगा ली। जिससे उसकी मौत हो गई। जब परिजन कमरे में पहुंचे तो किशोरी का फांसी पर लटकता शव देख उनके होश उड़ गए। सूचना पर पुलिस घटना के कारणों की जांच में जुट गई है। (संवाद)
--------------
लापता किशोर का कोई सुराग नहीं
महोबा। थाना कबरई के मकरबई गांव से दस दिन पहले लापता हुए किशोर का पुलिस आजतक सुराग नहीं लगा सकी। मकरबई गांव निवासी प्यारेलाल ने शुक्रवार को डीएम मनोज कुमार को सौंपे शिकायती पत्र में बताया कि वह कृषि कार्य करके परिवार का भरणपोषण करता है। आठ दिसंबर की दोपहर नाती नीरज (13) लापता हो गया। पीड़ित ने गांव के ही तीन लोगों पर नाती का अपहरण का आरोप लगाया है। बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया था और रातभर थाने में बैठाने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज नहीं की। पीड़ित ने आशंका जताई है कि आरोपी उसके नाती की किसी भी समय हत्या कर सकते हैैं। उन्होंने डीएम से मामले की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है। (संवाद)