कुलपहाड़ (महोबा)। कोतवाली कुलपहाड़ के कोटरा गांव में अवैध शराब बेचने का विरोध करने पर दबंगों ने महिला प्रधान व परिजनों पर जानलेवा हमला कर घायल कर दिया। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
कोटरा गांव की महिला ग्राम प्रधान कट्टू ने कुछ दिन पहले गांव में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ मुहिम चलाई थी। महिला ग्राम प्रधान का आरोप है कि जब वह परिजनों के साथ खेत पर मौजूद थी। तभी चार लोग वहां आए और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। परिजनों को भी मारापीटा। जिससे उसके पुत्र का सिर फट गया। कोतवाल उमेश कुमार ने बताया कि महिला ग्राम प्रधान की तहरीर पर आरोपी सुखलाल, पप्पू, कपूरी व राजवीर के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज व धमकी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।