महोबा। झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर ट्रक की टक्कर से वैन पलट गई। इससे आधा घंटे तक एक लेन का यातायात प्रभावित रहा। वहीं अन्य सड़क दुर्घटनाओं में महिला समेत नौ लोग घायल हुए हैं।
कस्बा पनवाड़ी निवासी हबीब मंसूरी (45) सोमवार की सुबह वैन से किसी कार्य से जनपद हमीरपुर के राठ जा रहा था। तभी बिजली पावर हाउस के पास गलत दिशा से आ रहे ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। वैन डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। जिससे चालक हबीब गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर ट्रक को कब्जे में लिया है।
दूसरी घटना में जालौन के डकोर गांव निवासी अरविंद (35), मंशाराम (40) व खेमचंद्र (38) रविवार की देर रात लोडर से मूंगफली की उपज बेचने महोबा आ रहे थे। तभी रास्ते में लोडर असंतुलित होकर पलट गया। जिससे तीनों घायल हो गए। राहगीरों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसी तरह मुहारी निवासी भईलाल, बेलाताल निवासी मुन्नी, पचपहरा निवासी हरीचरन, नैकानापुरा निवासी लक्ष्मी प्रसाद, पिपरामाफ निवासी अभय और सिजहरी निवासी सावित्री अन्य सड़क हादसों में घायल हो गए। सभी को अस्पताल पहुंचाया गया। हेलमेट न लगाए होने से बाइक सवारों के सिर पर गंभीर चोटें आईं।