महोबा। पूरे प्रदेश में 21 जनवरी से पालिथीन पर बैन लगा दिया गया है। बैन लगे चार दिन बीत गए हैं। इसके बाद भी पालिथीन का इस्तेमाल पहले जैसा हो रहा है।
दुकानदार के साथ ग्राहक भी सामान आराम से पालीथिन में ले जा रहे हैं। जिला व पुलिस प्रशासन ने भी अभी तक इसके खिलाफ कोई कदम नहीं उठाया है। जिले में होटलों, किराना दुकान, सब्जी की दुकान, चाय की दुकान, कपड़ों की दुकान, जनरल स्टोरों पर धड़ल्ले से ग्राहकों को पालिथीन में सामान दिया जा रहा है। दुकानदारों का कहना है कि ग्राहक सामान अपने साथ कोई झोला नहीं ला रहे हैं।
इस वजह से पालिथीन देनी पड़ रही है। जिला प्रशासन पालिथीन पर रोक लगाने के लिए कोई कदम नहीं उठा रहा है। सरकार के आदेश का पालिथीन दुकानदारों पर कोई असर नही पड़ रहा है। उधर जिलाधिकारी का कहना है कि इस संबध में कोई आदेश न आने के कारण कोई कार्रवाई नहीं कराई जा रही है।