थाना खरेला के ग्राम जरौली में प्लाट पर कब्जे को लेकर ग्राम प्रधान व उसके भाई के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्ष थाने पहुंचे लेकिन पुलिस ने एक पक्ष को पकड़कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया। पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने क्षुब्ध युवती ने कुएं में छलांग लगा दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से युवती को बाहर निकाला। घटना से गांव में हड़कंप मच गया।
ग्राम जरौली में रुद्रपाल सिंह राजपूत प्रधान हैं। रुद्रपाल का एक प्लाट गांव में है। जिसमें चार हिस्सेदार हैं। बुधवार शाम रुद्रपाल पूरे प्लाट पर कब्जा करकेे तारबाड़ी करा रहा था। तभी रुद्रपाल का बड़ा भाई जयपाल पहुंच गया और प्लाट पर कब्जा करने लगा।
इस दौरान दोनों भाइयों के बीच गाली गलौज व मारपीट हो गई। दोनों पक्ष थाना खरेला पहुंचे और मामला बताया। ग्राम प्रधान ने अपने भाई जयपाल व उसके पुत्र शिवेंद्र, मनीष पर रंगदारी मांगने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने जयपाल के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया। जबकि ग्राम प्रधान के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।
पुलिस ने जयपाल को थाने में बैठा लिया। गुरुवार की सुबह गांव पहुंचे ग्राम प्रधान ने अपने बड़े भाई को जेल भिजवाने की बात कहते हुए अपनी दबंगई साबित की, तो जयपाल की पुत्री अल्पना (35) पुलिस की इस कार्रवाई से क्षुब्ध हो गई। अल्पना ने समीप में बने कुएं में जान देने की नियत से छलांग लगा दी। यह देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। थाना पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से युवती को कुएं से बाहर निकलवाया और अस्पताल पहुंचाया। उधर, पुलिस ने आनन-फानन में जयपाल का शांतिभंग में चालान कर दिया। एसडीएम के यहां से उसे जमानत पर छोड़ दिया गया। पुलिस द्वारा एक पक्षीय कार्रवाई किए जाने से पीड़ित परिवार में नाराजगी है।
थानाध्यक्ष खरेला राजीव यादव का कहना है कि युवती के कुएं में कूदने की घटना को कार्रवाई से जोड़कर जबरन मामले को तूल दिया जा रहा है। युवती मानसिक रूप से कमजोर लग रही है। वह अन्य आरोपों को खारिज करते हैं।