कबरई (महोबा)। किदवई नगर की नई बस्ती के निवासियों को पैसा देने के आठ माह बाद भी बिजली कनेक्शन नहीं मिला है। इससे नाराज ग्रामीणों ने पावर हाउस में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को संबोधित ज्ञापन जेई एमपी सिंह को सौंपकर कनेक्शन की मांग की।
झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर पचपहरा मोड़ के पास नई बस्ती में एक दर्जन परिवार रहते हैं। आठ माह पहले यहां रहने वाले लोगों से कनेक्शन के नाम पर पैसे मांगे गए थे। ग्रामीणों ने 20 हजार रुपये एकत्र कर ठेकेदार को दिए थे, लेकिन आज तक कनेक्शन तो दूर खंभे तक नहीं लगाए गए।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अवर अभियंता को भी मामले से अवगत कराया था, लेकिन कोई ध्यान नही दिया गया। नई बस्ती के प्रभुदयाल, कृपाल, बसंत कुमार, भरत व रामपाल समेत एक दर्जन लोंगो ने पावर हाउस में प्रदर्शन करते हुए आरोप लगाया कि सुविधा शुल्क के नाम पर 20 हजार रुपये ले लिए और अब कनेक्शन के नाम पर 30 हजार रुपये मांगे जा रहे हैं। इस संबंध में जेई एमपी सिंह का कहना है कि नई लाइन बनाने का पैसा जमा कराने को कहा गया था, इसके अलावा कोई पैसा नहीं लिया गया है।