महोबा एडीएम आरएस वर्मा मंगलवार की शाम एकाएक लापता हो गए। इससे प्रशासन में हड़कंप मच गया। लगभग साढ़े पांच घंटे बाद देर रात वह महोबकंठ में सिंचाई विभाग के डाक बंगले में मिले, तब अफसरों ने राहत की सांस ली।
मंगलवार को दोपहर बाद मॉनिटरिंग सेल की बैठक में हिस्सा लेने के बाद एडीएम आरएस वर्मा शाम तकरीबन छह बजे जिला अस्पताल पहुंचे। वहां एक डॉक्टर से उलझन महसूस होने का जिक्र कर चिकित्सीय परामर्श लेकर चले गए।
इसी बीच एक प्रशासनिक बैठक के लिए जिला प्रशासन की ओर से उन्हें फोन किया गया, पर उनका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। जानकारी करने पर पता चला कि वह अपने आवास पर भी नहीं है। इससे जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया।
संभावित स्थानों पर तलाश कराने के बाद महोबा कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। देर रात लगभग 12 बजे वह महोबकंठ स्थित सिंचाई विभाग के डाकबंगले में आराम करते मिले। उस समय भी उनका मोबाइल स्विच ऑफ था।