महोबा। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं में सम्मिलित होने वाले विद्यार्थियों के शैक्षिक विवरण में हुई त्रुटियों के संशोधन के लिए एक और मौका दिया गया है। विद्यार्थी पांच नवंबर तक माध्यमिक शिक्षा विभाग की वेबसाइट पर अपने विवरण संशोधित कर सकते हैं।
माध्यमिक शिक्षा विभाग ने बोर्ड परीक्षा की तैयारियां शुरू कर दी हैं। बोर्ड परीक्षा के आवेदन व पंजीकरण का काम भी पूरा हो चुका है। आवेदन के समय शैक्षिक अभिलेखों में रह गई त्रुटि की संभावना को देखते हुए बोर्ड ने 27 अक्तूबर तक सुधार का मौका दिया था लेकिन इसके बाद बोर्ड ने त्रुटि संशोधन कराने को समय फिर से बढ़ा दिया है। शैक्षिक अभिलेखों में त्रुटि रह जाने के कारण विद्यार्थियों को बाद में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
शैक्षिक सत्र 2025-26 के लिए कक्षा नौ व 11वीं के अग्रिम पंजीकरण में भी कई स्कूलों की ओर से विद्यार्थियों का विवरण गलत अपलोड किए जाने की शिकायतें बोर्ड को मिल रही हैं।
कक्षा नौ और 11 के पंजीकरण में नाम, माता-पिता का नाम, विषय-वर्ग, लिंग, जाति, जन्मतिथि, फोटो और कक्षा 11 के पंजीकरण में हाईस्कूल अनुक्रमांक जैसी त्रुटियों में संशोधन के लिए पांच नवंबर की रात 12 बजे तक के लिए वेबसाइट खोल दी गई है। इसको लेकर बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने निर्देश जारी किए हैं। कहा है कि अगर किसी परीक्षार्थियों के अभिलेखों में संशोधन होना है तो वह निर्धारित समय तक करा सकता है।