महोबा। डीएम गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। डीएम ने कहा कि जनपद के स्कूली वाहन जो अनफिट है या जिनके पंजीयन की वैद्यता समाप्त हो चुकी है, उन वाहनों के खिलाफ पुलिस विभाग, डीआईओएस, बीएसए और एआरटीओ संयुक्त अभियान चलाएं। वाहनों के अनफिट मिलने व पंजीयन की वैद्यता समाप्त होने की स्थिति में सीज करने की कार्रवाई की जाए।
डीएम ने कहा कि शहर के अंदर जहां अवैध व अस्थायी अतिक्रमण की वजह से सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं उन स्थानों को अतिक्रमण से मुक्त कराया जाए। अगली बैठक के पहले ब्लैक स्पॉटों का सुधार कार्य पूरा कराया जाए। जिला पुरुष चिकित्सालय व महिला चिकित्सालय के सामने जेब्रा क्रासिंग बनाई जाए। जनपद में जिन मार्गों पर झाडियों की वजह से सड़क हादसे हो सकती हैं उनको शीघ्रता से कटवाया जाए। मिशन शक्ति के तहत चालान करने की कार्रवाई के विषय से संबंधित जानकारी छात्राओं को दी जाए। सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को चिकित्सालय पहुंचाने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किए जाने व इनाम की धनराशि के बारे में भी जानकारी दी जाए। साथ ही इसका व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए। इस मौके पर एसपी प्रबल प्रताप सिंह, एडीएम कुंवर पंकज, एसडीएम शिवध्यान पांडेय, आल्हा परिषद के अध्यक्ष शरद तिवारी दाऊ, नेहा चंसौरिया, रामजी गुप्ता, शिवकुमार गोस्वामी, ट्रक यूनियन के अध्यक्ष अल्ताफ हुसैन आदि मौजूद रहे।