हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के चांदबेहटा में शनिवार सुबह शराब के नशे में महिला ने दुपट्टे से फंदा लगा लिया। दरवाजा तोड़कर परिजन ने उन्हें फंदे से उतारा और मेडिकल कॉलेज ले गए। यहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
चांद बेहटा निवासी ओमेंद्र कुमार सिंचाई विभाग में रसोइया हैं। उनकी तैनाती लखीमपुर के जंगबहादुरगंज में है। उनकी पत्नी मनोरमा (41) कई साल से शराब पीने की आदी थीं। मनोरमा की ननद शिल्पी ने बताया कि शराब पीने के बाद वह खुद पर नियंत्रण खो देती थीं। खुद को नुकसान भी पहुंचा लेती थीं। बताया कि शुक्रवार रात भी मनोरमा नशे में झगड़ रही थीं। शनिवार सुबह भी मनोरमा ने शराब पी। उनकी गोद ली हुई बेटी अवन्या शनिवार सुबह लगभग 10:30 बजे नहाने के लिए दूसरी मंजिल पर गई लेकिन अंदर जाने का दरवाजा बंद मिला। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला तो अवन्या ने शिल्पी को बुलाया। शिल्पी ने दरवाजा तोड़ दिया। अंदर मनोरमा दुपट्टे के फंदे से लटकती मिलीं। उन्हें उतारकर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। यहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना से परिजन सकते में आ गए। शिल्पी ने बताया कि शादी के 18 साल बीतने के बाद भी कोई संतान न होने पर मनोरमा ने अपनी भतीजी अवन्या को गोद लिया था। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि खुदकुशी का मामला है। अगर परिजन कोई आरोप लगाएंगे तो जांच की जाएगी।
फोटो- 28- मनोरमा। फाइल फोटो