विकासखंड कबरई में एक क्रेशर प्लांट में सो रहे क्लीनर को एक बेकाबू डंपर ने रौंद दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक डंपर लेकर भाग निकला। चालक डंफर सहित फरार हो गया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पत्थर उद्योग नगरी कबरई में कानपुर निवासी करन सिंह पुत्र पतिराखन खंगार ट्रक चालक कालका प्रसाद पुत्र मुन्नालाल के साथ क्लीनर का कार्य करता था। सोमवार को कानपुर से कबरई गिट्टी लादने के लिए चालक के साथ ट्रक लेकर आया था। वाहन में खराबी होने के कारण क्लीनर रात में क्रेशर के मैदान में ही सो गया। आधी रात में सोते समय एक अज्ञात बेकाबू वाहन ने उसे कुचल दिया और डंपर लेकर फरार हो गया। मंगलवार को सुबह जब श्रमिकों ने उसे मृत हालत में देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ट्रक चालक से क्लीनर के बारे में जानकारी लेकर मृतक के परिजनों को सूचना देकर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। मृतक का भाई चंद्रशेखर ने थाना कबरई में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। एक माह के अंदर सोते समय वाहन से कुचलने की यह दूसरी घटना है।