कुलपहाड़/महोबकंठ। जिले में तीन दिन की बारिश से तालाबों और नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। शनिवार को अलग-अलग स्थानों पर दो युवकों की तालाब और नदी में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने शवों को बाहर निकलवाकर जांच शुरू की है।
कुलपहाड़ कस्बे के रेलवे स्टेशन मार्ग निवासी जीतेंद्र सिंह उर्फ बबलू (42) शनिवार को अपने बेटे सत्येंद्र के साथ मोहन तालाब किनारे भैंस चराने गए थे। जीतेंद्र तालाब में नहाने उतरे और गहराई में डूबने लगे। बेटे सत्येंद्र के शोर मचाने पर पुलिस को सूचना दी गई। स्थानीय गोताखोरों ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद जीतेंद्र को बाहर निकाला। परिजन उन्हें सीएचसी कुलपहाड़ ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कोतवाली प्रभारी अवधेश कुमार मिश्रा ने जांच जारी होने की बात कही।
उधर, महोबकंठ के दुलारा निवासी जगत सिंह राजपूत (44) विरमा नदी में नहाने गए और गहराई में डूब गए। घर न पहुंचने पर परिजनों ने तलाश की, नदी से उनका शव मिला। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर जांच की। बताया जा रहा है कि जगत सिंह को तैरना नहीं आता था। उनकी पत्नी का सात साल पहले निधन हो चुका था। अब उनकी तीन बेटियां और एक बेटा अनाथ हो गए।