फोटो 08 एमएएचपी 08 परिचय-धर्मध्वज सिंह (फाइल फोटो)। स्रोत: परिजन
महोबा। झांसी-मानिकपुर रेलवे ट्रैक पर मटौंध रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार की रात कंप्यूटर ऑपरेटर की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। पुलिस ने परिजन को जानकारी देकर घटना की जांच शुरू कर दी है। मृतक के छोटे भाई ने किसी यात्री का धक्का लगने या फिर चलती ट्रेन से उतरते समय गिरने की आशंका जताई है।
जनपद बांदा के थाना मटौंध के बसहरी निवासी धर्मध्वज सिंह (30) जिले के पहरा गांव स्थित एक क्रशर प्लांट के धर्मकांटे में कंप्यूटर ऑपरेटर का काम करता था। शुक्रवार की शाम करीब साढ़े छह बजे वह ड्यूटी करके कबरई रेलवे स्टेशन से बांदा मेमू ट्रेन से मटौंध जा रहा था। मटौंध रेलवे स्टेशन के पास वह चलती ट्रेन से गिर गया और ट्रेन से कटकर मौत हो गई। जीआरपी ने शव को जिला अस्पताल महोबा की मोर्चरी में रखवाया। हालांकि कपड़ों से किसी प्रकार का कोई पहचान पत्र न मिलने पर उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।
शनिवार को मृतक के छोटे भाई छुट्टन सिंह ने शिनाख्त बड़े भाई धर्मध्वज सिंह के रूप में की। बताया कि घर न पहुंचने पर जानकारी करने पर पता चला कि मटौंध स्टेशन से 150 मीटर पहले भाई चलती ट्रेन से गिर गया था। भाई की पांच मई 2025 को शादी हुई थी। घटना से पिता शिवविजय सिंह व पत्नी संजू रो-रोकर बेहाल हैं। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई करने की बात कह रही है।