खरेला (महोबा)। थाना खरेला के ग्राम पुन्निया में गांजा पकड़वाने की मुखबिरी करने की आशंका को लेकर दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे व कुल्हाड़ी चले। मारपीट की घटना में दोनों पक्षों से पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्राम पुन्निया निवासी कालीचरन अहिरवार को पुलिस ने एक माह पहले अवैध गांजा के साथ पकड़ा था। कालीचरन का पुत्र महेंद्र अहिरवार गांव के ही राजू विश्वकर्मा से खुन्नस मान रहा था। महेंद्र अहिरवार शुक्रवार को शराब के नशे में अपने भाई संतोष, हरीओम, बृजेंद्र और परिवार के मूलचंद्र ,चंदू, आकाश आदि लाठी डंडे व धारदार हथियार लेकर पहुंच गया और राजू पर हमला कर दिया। तब राजू के परिजनों ने बीच-बचाव कराया। मारपीट में एक पक्ष से राजू, उसका चचेरा भाई कौशल किशोर, राजकुमार घायल हुए जबकि दूसरे पक्ष से महेंद्र और हरिओम अहिरवार लहूूलुहान हो गए। सभी को सीएचसी पहुंचाया गया। कौशल किशोर की हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। दोनों पक्षों ने घटना की तहरीर थाने में दी है। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए भेजा है।