महोबा। जिले में हुईं अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गईं, जबकि आधा दर्जन से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज झांसी के लिए रेफर कर दिया। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पनवाड़ी प्रतिनिधि के अनुसार थाना महोबकंठ के ग्राम दुलारा निवासी शांति 40 पत्नी कुट्टी, कुट्टू 45 पुत्र लल्लू और तुलसा 50 पत्नी कंधीलाल बाइक से शादी समारोह में शामिल होने मऊरानीपुर जा रहे थे। अचानक झांसी-मिर्जापुर हाईवे में काशीपुरा के पास बाइक सामने से आ रहे मिक्सर ट्रक से भिड़ गई। इसके एक मिनट बाद ही दूसरी बाइक में सवार बाबूलाल 30 पुत्र मंशाराम व उसकी बहन हेमवती 24 पुत्री मंशाराम निवासी पहाड़िया ससुराल से वापस लौट रहे थे। उसी समय बाइक मिक्सर ट्रक से भिड़ गई। इससे सभी लोग घायल हो गए। तुलसा की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
खन्ना प्रतिनिधि के अनुसार थाना खन्ना के ग्राम मगरिया निवासी मंगल 30 पुत्र रघुवीर मजदूरी करता था। छिरका मौदहा अपनी ससुराल से वापस बुधवार की रात को आठ बजे घर बाइक से लौट रहा था। तभी कानपुर-सागर हाईवे में ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे मंगल की मौके पर ही मौत हो गई। घर में कोहराम मचा है। उधर इटावा के थाना इकदिल के ग्राम लालपुरा निवासी मोना पुत्री सुरेश भदौरिया खन्ना के पास गिरकर घायल हो गई। जैतपुर प्रतिनिधि के अनुसार छितरवारा-बेलाताल रोड में तेज रफ्तार बोलेरो पेड़ से टकरा गई। जिससे बोलेरो सवार चालक सुनील (32), नैतिक (25) और उसके पिता जयसिंह (52) घायल हो गए। जिन्हें मेडिकल कॉलेज झांसी के लिए रेफर कर दिया गया।